ग्रामीणों के अल्टीमेटम और एसडीएम की सख्ती रंग लाई, कोरबी-सरमा जर्जर सड़क का मरम्मत कार्य शुरू

सुशील जयसवाल

 

 

पोड़ी उपरोड़ा/रानी अटारी। लंबे समय से जर्जर पड़ी कोरबी-सरमा सड़क के सुधार की मांग आखिरकार पूरी होने लगी है। ग्रामीणों के आंदोलन की चेतावनी और एसडीएम मनोज कुमार बंजारे की त्वरित पहल के बाद 28 जुलाई से करीब तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।

वनांचल क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी थी। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान जलभराव से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया था, वहीं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही थीं।

समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 24 जुलाई को एसडीएम मनोज कुमार बंजारे को ज्ञापन सौंपते हुए 15 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू नहीं होने पर उग्र आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसईसीएल रानी अटारी प्रबंधन और संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्देश जारी किए। इसके बाद एसईसीएल के सिविल विभाग ने ठेकेदार के माध्यम से 28 जुलाई से सड़क मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। फिलहाल मार्ग के गड्ढों को गिट्टी और मिक्स मटेरियल से भरा जा रहा है तथा जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क को समतल किया जा रहा है।

मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, राहगीरों और स्कूली बच्चों में राहत का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि यदि कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हुआ तो लंबे समय से बनी आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।