
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर | 14 अप्रैल 2026
बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में एक गंभीर अपराध का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने रात का फायदा उठाकर घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मामले में बिल्हा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 13 अप्रैल 2026 को थाना बिल्हा में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 26 मार्च 2026 की रात करीब 2 बजे आरोपी मुकेश कुमार ढीमर (23 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 बिल्हा, उसके घर में घुस आया। आरोपी ने चाकू अड़ाकर महिला के साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मुकेश कुमार ढीमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद 14 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🟨 पुलिस का संदेश:
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
