
✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) बेचते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कार, नकदी और मोबाइल सहित कुल 2.29 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि धमतरी बस स्टैंड के पीछे एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (CG-13-C-4422) में दो युवक अवैध मादक पदार्थ हेरोइन बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 47 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा 12 हजार रुपए नकद, एक स्विफ्ट कार, एक आईफोन और एक वीवो Y31 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त कुल सामग्री की कीमत 2 लाख 29 हजार रुपए आंकी गई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमर रजा (28 वर्ष), निवासी सदर बाजार धमतरी, और मोहम्मद शोएब अख्तर (26 वर्ष), निवासी केला बड़ी दुर्ग, थाना पदमनामपुर, जिला दुर्ग के रूप में की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
