यूथ कांग्रेस कोरबा का वेदांता प्रबंधन को ज्ञापन, अध्यक्ष राकेश पंकज बोले—जनता की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा।

यूथ कांग्रेस कोरबा ने बालको क्षेत्र की जमीनी समस्याओं एवं जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर वेदांता समूह की वरिष्ठ प्रबंधन अधिकारी श्रीमती प्रिया अग्रवाल हेब्बर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ठोस और स्थायी समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में यूथ कांग्रेस ने बालको क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि फ्लाई ऐश, धूल और औद्योगिक उत्सर्जन से आम नागरिकों का स्वास्थ्य लगातार प्रभावित हो रहा है। साथ ही “दिखावटी व्यवस्था” पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि केवल औपचारिक रूप से पानी का छिड़काव कर धूल नियंत्रण का प्रयास किया जाता है, जो वर्षभर प्रभावी नहीं रहता।

संगठन ने श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों को भी अत्यंत चिंताजनक बताया। पत्र में उल्लेख किया गया है कि अत्यधिक गर्मी और जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के लिए पर्याप्त सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उनके जीवन पर खतरा बना रहता है।

इसके अलावा सड़क एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी गंभीर मुद्दा उठाया गया। ध्यानचंद चौक से परसाभाठा चौक तक सड़कों की खराब स्थिति और भारी वाहनों की आवाजाही से आम जनता के लिए आवागमन जोखिमभरा हो गया है।

यूथ कांग्रेस ने छोटे व्यापारियों की आजीविका पर पड़ रहे संकट को भी प्रमुखता से उठाया। परसाभाठा बाजार क्षेत्र में दुकानदारों को हटाने की योजना से हजारों परिवारों पर आर्थिक संकट मंडरा रहा है, जबकि उनके पुनर्वास के लिए कोई स्पष्ट नीति सामने नहीं आई है।

स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिलने पर भी संगठन ने नाराजगी जताई और कहा कि बालको विस्तार परियोजना के दौरान किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया गया है।

 यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कोरबा राकेश पंकज का बयान:

यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा, “बालको क्षेत्र की जनता वर्षों से प्रदूषण, खराब सड़क, बेरोजगारी और असुरक्षित कार्य परिस्थितियों जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन प्रबंधन केवल दिखावटी कदम उठा रहा है। यह स्थिति अब स्वीकार्य नहीं है। हमने स्पष्ट रूप से मांग की है कि समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो यूथ कांग्रेस को मजबूर होकर उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।”

ज्ञापन में वेदांता समूह के चेयरमैन द्वारा 75% संपत्ति दान की घोषणा का उल्लेख करते हुए यूथ कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि इसका लाभ कोरबा एवं बालको क्षेत्र की जनता को भी स्पष्ट रूप से मिलेगा।

अंत में यूथ कांग्रेस कोरबा ने स्पष्ट किया कि यह ज्ञापन विरोध के लिए नहीं, बल्कि जनहित एवं न्यायपूर्ण विकास की अपेक्षा के साथ सौंपा गया है। संगठन ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन इन मुद्दों को गंभीरता से लेकर आवश्यक कदम उठाएगा।