
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/सक्ति, अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। इस हादसे में कई मजदूरों की मौत और दर्जनों के घायल होने की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर गठित इस जांच समिति का नेतृत्व पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल को सौंपा गया है। समिति में पूर्व मंत्री नरेश वर्मा सहित कई वरिष्ठ विधायक एवं पदाधिकारी शामिल किए गए हैं, जो घटना की गहन जांच करेंगे।
समिति के सदस्य घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवारों, घायलों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे। साथ ही प्लांट प्रबंधन की लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेंगे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि इस दर्दनाक हादसे में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। समिति का उद्देश्य न सिर्फ घटना की सच्चाई सामने लाना है, बल्कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुझाव देना भी है।
समिति के सदस्य इस प्रकार हैं:
जयसिंह अग्रवाल (पूर्व मंत्री) – संयोजक
नोबेल वर्मा (पूर्व मंत्री) – सदस्य
रामकुमार यादव (विधायक, चन्द्रपुर) – सदस्य
अटल श्रीवास्तव (विधायक, कोटा) – सदस्य
बालेश्वर साहू (विधायक, जैजेपुर) – सदस्य
राघवेन्द्र सिंह (विधायक, अकलतरा) – सदस्य
व्यास कश्यप (विधायक, जांजगीर-चांपा) – सदस्य
शेषराज हरवंश (विधायक, पामगढ़) – सदस्य
रहिम गबेल (अध्यक्ष, डीसीसी सक्ती) – सदस्य
राजेश अग्रवाल (अध्यक्ष, डीसीसी जांजगीर-चांपा) – सदस्य
