*रावा, में 16 जून मंगलवार को* *लगेगा निःशुल्क पशु* *स्वास्थ्य शिविर, पशुपालकों को* *मिलेगा विशेषज्ञ सेवाओं* *का लाभ!* 

 

 

*सुशील जायसवाल!*

 

 

*पोड़ी उपरोड़ा ( रावा) ।* ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा पशुपालकों को उन्नत पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 जून मंगलवार को ग्राम पंचायत भवन रावा,के प्रांगण में विशेष निःशुल्क पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 7 बजे से प्रारंभ होगा, जिसका संचालन पशुधन विकास विभाग द्वारा किया जाएगा।

 

शिविर में क्षेत्र के पशुपालकों को अपने पशुओं के लिए विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शिविर में टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, रोगों का उपचार, आवश्यक दवाइयों का वितरण, बधियाकरण खून,पेशाब, गोबर ,तथा विभिन्न बीमारियों की जांच हेतु नमूना संग्रहण जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इससे पशुओं में होने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य स्तर में सुधार होगा।

 

*विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम* *रहेगी मौजूद*

 

इस शिविर की विशेषता यह है कि इसमें जिला स्तरीय मोबाइल यूनिट तथा जिला एपिडेमियोलॉजी (रोग निगरानी) टीम भी उपस्थित रहेगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी कर्मचारियों की टीम पशुओं की जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श देगी। पशुपालकों को पशुओं के पोषण, रखरखाव, रोग नियंत्रण तथा आधुनिक पशुपालन पद्धतियों की भी जानकारी दी जाएगी।

 

*पशुधन संरक्षण और उत्पादन बढ़ाने की पहल*

 

ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है। पशुओं में समय पर टीकाकरण और उपचार से न केवल उनकी उत्पादकता बढ़ती है बल्कि पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से भी बचाया जा सकता है। शिविर के माध्यम से क्षेत्र में पशु रोगों की स्थिति का आकलन भी किया जाएगा, जिससे भविष्य में प्रभावी नियंत्रण उपाय किए जा सकें।

 

*अधिक संख्या में पहुंचने की अपील*

 

उपसंचालक डॉ.श्री यूके तंवर ,एवं वरिष्ठ ब्लाक पशु चिकित्सा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा डॉ. श्री इन्द्र कुमार पटेल, एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी जटगा श्री सेवक राम नटी, ने क्षेत्र के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने पशुओं को शिविर स्थल पर लेकर पहुंचें और विभाग द्वारा प्रदान की जा रही निःशुल्क सुविधाओं का लाभ उठाएं। अधिकारियों ने कहा कि पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण उनकी सुरक्षा तथा बेहतर उत्पादन के लिए अत्यंत आवश्यक है।

 

ग्रामीण पशुपालकों के लिए यह शिविर एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा, जहां उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के साथ-साथ अपने पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर निःशुल्क प्राप्त होगा।