इश्क बना मौत का कारण: शादी के दबाव से बौखलाए प्रेमी ने प्रेमिका का गला घोंटा, लाश फेंककर मोबाइल भी किया गायब

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मुंगेली। जिले के फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए मोबाइल फोन तालाब में फेंक दिया और फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका सेतगंगा की रहने वाली थी, जो 12-13 अप्रैल की दरम्यानी रात घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। सुबह जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चलने पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

इसी बीच 13 अप्रैल को गाड़ाघाट के पगडंडी मार्ग पर एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर की सूचना के आधार पर लालाराम यादव (38) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि उसका मृतका के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची। 12 अप्रैल को उसने युवती को फोन कर मिलने बुलाया, फिर बाइक से गाड़ाघाट ले जाकर उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने मृतका का मोबाइल ग्राम छटन के एक तालाब में फेंक दिया ताकि सबूत मिटाया जा सके। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल फोन, की-पैड मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक (CG-28 B-7299) बरामद कर ली है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।