18 अप्रैल को कोरबा में विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन की अहम बैठक, सैकड़ों कर्मचारी होंगे शामिल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 कोरबा/रायपुर

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन की नवनिर्वाचित प्रांतीय कार्यकारिणी (2026–29) की प्रथम बैठक 18 अप्रैल (शनिवार) को अपरान्ह 3 बजे यूनियन के दर्री (कोरबा पश्चिम) स्थित कार्यालय भवन श्रमिक सदन में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेशभर से सैकड़ों विद्युत कर्मचारी एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में प्रांतीय एवं क्षेत्रीय कार्यकारिणी के साथ-साथ उत्पादन इकाइयों—कोरबा पूर्व, कोरबा पश्चिम एवं मड़वा (जांजगीर) से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की मेजबानी कोरबा सर्किल टीम द्वारा की जा रही है।

 महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा

यह जानकारी देते हुए यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने बताया कि बैठक के प्रथम सत्र में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं नियुक्ति पत्र वितरण किया जाएगा। इसके पश्चात कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।

मुख्य मुद्दे इस प्रकार हैं—

संविदा कर्मियों का नियमितीकरण

ठेका एवं आउटसोर्स कर्मचारियों का समय पर वेतन भुगतान

ईएसआईसी कटौती एवं बीमा से जुड़े विषय

भूविस्थापित कर्मचारियों की समस्याएं,

पदोन्नति और भर्ती पर भी फोकस

बैठक में नियमित कर्मचारियों की पदोन्नति में हो रही देरी, पुरानी पेंशन योजना लागू करने में विलंब तथा मैदानी एवं कार्यालयीन कर्मचारियों की कमी को लेकर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।

प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने कहा कि अधिकारियों के प्रमोशन त्वरित हो जाते हैं, जबकि कर्मचारियों की पदोन्नति में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है।

यदि पदोन्नति नीति को सरल नहीं किया गया तो संगठन “हल्ला बोल” आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

 अतिथियों का होगा सम्मान

बैठक के द्वितीय सत्र में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों का अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

इसके लिए इंजीनियर्स एसोसिएशन, बीएमएस, फेडरेशन, इंटक, डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन, ठेका कर्मचारी संघ एवं संविदा कर्मचारी संघ को विशेष आमंत्रण भेजा गया है।

तैयारियों में जुटी टीम

कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु प्रांतीय उपाध्यक्ष सम्मेलाल श्रीवास, सर्किल अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद यादव, सचिव घनश्याम गबेल, प्रकाश राठौर सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों—सरगुजा, बस्तर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, जांजगीर, धमतरी, भिलाई, महासमुंद, जशपुर आदि से बड़ी संख्या में कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है।

 यह बैठक आने वाले समय में कर्मचारी हितों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।