✍️ भागीरथी यादव
कोरबी पुलिस की कार्रवाई, 70 लीटर से अधिक मध्य प्रदेश निर्मित शराब जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार
कोरबी/कोरबा। धान के खेत में अंग्रेजी शराब छिपाकर बिक्री करने का मामला सामने आया है। कोरबा जिले की कोरबी पुलिस चौकी ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 389 नग गोवा व्हिस्की जब्त की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 70.02 लीटर बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को देहात भ्रमण के दौरान सूचना मिली कि अलगाडांड घोसारा निवासी धनसाय उर्फ धन्नू बिंझवार (45 वर्ष) ने अपने घर के पास स्थित धान के खेत में मध्य प्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह तथा आरक्षक संजय साहू, परमानंद दिवाकर, टंकेश्वर पटेल और रोशन पांडे शामिल रहे।
