
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर/रतनपुर, 17 अप्रैल 2026।
थाना रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर महत्वपूर्ण चोट पहुंचाई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मारुति अर्टिगा (क्रमांक CG 04QD 7255) में कटघोरा से मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश की ओर भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे पर नवापारा चौक भेडी मुंडा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) भी जब्त की गई। इस तरह कुल जब्ती की कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में पुलिस ने आरोपी अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित अन्य पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
