पाँच आरोपी केबल चोरी प्रकरण में गिरफ्तार, चरचा पुलिस ने की कार्रवाई

 

कोरिया/बैकुंठपुर। थाना चरचा क्षेत्र में हुए केबल चोरी प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी धरमनारायण राजवाड़े, निवासी विवेकानंद कॉलोनी चरचा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एसईसीएल चरचा में कार्यरत है। बीती रात लगभग 11 बजे कार्यस्थल 56 लेवल पंप के पास कार्य करते समय काटने जैसी आवाज सुनाई दी। जब सभी कर्मियों ने जाकर देखा, तो पाया कि वहाँ रखे लगभग 450 मीटर लंबे केबल तार को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कटर मशीन से काटकर चोरी कर लिया गया था। चोरी गए केबल की कीमत लगभग 70 से 80 हजार रुपये बताई गई।

 

थाना चरचा में अपराध क्रमांक 201/2025, धारा 331(4), 305(ई) भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

 

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पाँच संदेहियों को हिरासत में लिया —

 

1. मंगल उर्फ गोलू बसोर (24 वर्ष)

 

 

2. पुरुषोत्तम उर्फ गोलर बसोर (21 वर्ष)

 

 

3. मोहित बसोर (21 वर्ष)

 

 

4. अयोध्या बसोर (19 वर्ष)

 

 

5. नितेश बसोर (19 वर्ष)

— सभी निवासी घुटरी दफाई हैं। पूछताछ में पाँचों ने केबल चोरी की घटना स्वीकार कर ली।

 

 

 

आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 

इस कार्रवाई में एसडीओपी बैकुंठपुर राजेश साहू के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रमोद पांडे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल सोनवानी, सहायक उपनिरीक्षक बालकृष्ण राजवाड़े एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।