
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर, 17 अप्रैल 2026।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (आईपीएस) द्वारा आज बिलासपुर पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जवानों के टर्न आउट, स्क्वाड ड्रिल, शस्त्र अभ्यास और अनुशासन का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। परेड में सलामी ली गई तथा ट्रैफिक मैन्युअल सिग्नल, शासकीय वाहनों और वज्र वाहन के उपयोग का भी प्रदर्शन किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी श्री सिंह ने जवानों को दैनिक ड्यूटी में सतर्कता और दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीट सिस्टम को मजबूत करने, पुलिस की सक्रियता और आम जनता के बीच विश्वास बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया।
इसी क्रम में अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 अप्रैल से प्रारंभ) के तहत पुलिस, होम गार्ड और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आगजनी की विभिन्न स्थितियों से निपटने, भीड़ नियंत्रण, जान-माल की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के उपायों का प्रदर्शन किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में आग के प्रकार—ठोस (A), तरल (B), गैस (C) एवं विद्युत—के अनुसार अग्निशमन उपकरणों जैसे ड्राई केमिकल पाउडर (DCP), CO₂ और फोम के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में कंबल, पानी और अन्य साधनों से नियंत्रण के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कार्यालय, घर और वाहनों में एबीसी टाइप अग्निशमन यंत्र रखने के निर्देश दिए तथा आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। आने वाले दिनों में रिवर व्यू सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर आम नागरिकों के लिए भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में होम गार्ड एवं एसडीआरएफ के अधिकारियों द्वारा डेमो प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, रामगोपाल करियारे, डीएसपी यातायात शिवचरण परिहार, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, सीएसपी निमितेश सिंह, एसडीपीओ कोटा नूपुर उपाध्याय सहित कुल 188 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
