
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 16 अप्रैल 2026। जिले में बहुप्रतीक्षित जनगणना 2027 अभियान का औपचारिक आगाज हो गया है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया की शुरुआत की। उन्होंने इसे पारदर्शी और आधुनिक प्रशासन की दिशा में एक अहम कदम बताया।
कलेक्टर दुदावत ने कहा कि “आपकी एक सही जानकारी जिले के विकास की दिशा तय करेगी”। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति सटीक और पूर्ण जानकारी दर्ज करे, ताकि बेहतर योजनाओं का निर्माण संभव हो सके।
30 अप्रैल तक ऑनलाइन स्व-गणना का मौका
जिले के नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, सुलभ और समयबद्ध हो गई है।
कलेक्टर ने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार के लिए नीति निर्माण का आधार होते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की योजना इन्हीं आंकड़ों पर निर्भर करती है।
1 मई से घर-घर पहुंचेगा सर्वे दल
जनगणना का अगला चरण 1 मई 2026 से शुरू होगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। यह चरण 30 मई तक चलेगा। इस दौरान मकान सूचीकरण के साथ-साथ पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और अन्य सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल नीतिगत व सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।
जिलेवासियों से सहयोग की अपील
कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। ऑनलाइन स्व-गणना में भाग लेने के साथ ही सर्वे के दौरान प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जिले के विकास की सटीक और प्रभावी रूपरेखा तैयार की जा सके।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव, योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी श्री मोहन सिंह कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
