✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AM 2836 अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर मोतीसागर पारा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी सूरजजान उर्फ सोनू (27 वर्ष), निवासी मोतीसागर पारा नदियाखंड, थाना कोतवाली, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 9 हजार रुपये बताई जा रही है, जप्त कर ली।
आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 467/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।
