पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 93 पौवा देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मल्हार, 16 जून। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए मल्हार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 93 नग देसी प्लेन शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 16 लीटर 740 मिलीलीटर बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठाकुरदेवा में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर मल्हार पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान 15 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम ठाकुरदेवा में आरोपी अंजोर दास बंसल (35 वर्ष), पिता तुलाराम बंसल द्वारा अवैध रूप से शराब लाकर बिक्री की जा रही है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उनके निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम ठाकुरदेवा पहुंचकर सूचना का सत्यापन किया, जो सही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर के आसपास घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी शराब को छिपाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे 93 पौवा देसी प्लेन शराब के साथ धर दबोचा।

पुलिस ने बरामद शराब को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज राजपूत, नुवास तिग्गा, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय एवं विकास अंचल की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

मल्हार पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।