✍️ भागीरथी यादव
रतनपुर (बिलासपुर)। थाना रतनपुर पुलिस ने आम रास्ते पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान विष्णु साहू (26 वर्ष), निवासी टेकर, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि बैरागबन करैहापारा क्षेत्र में एक युवक धारदार लोहे का चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी विष्णु यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को चाकू सहित पकड़ लिया और थाना लाकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह एवं आरक्षक धनराज कुम्भकार की विशेष भूमिका रही।
