लोकसदन
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर खींचतान तेज हो गई है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद उभरने के चलते नए समीकरण सामने आ सकते हैं।
विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल को छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। वहीं, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता डॉ. रमन सिंह को राष्ट्रीय राजनीति में नई भूमिका मिलने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उन्हें महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में इस खबर ने सरगर्मी बढ़ा दी है। मंत्रिमंडल विस्तार में हो रही देरी और अंतर्कलह को देखते हुए पार्टी हाईकमान अब बड़े नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपकर संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है।

