ऑपरेशन थिएटर में गूंजा भरथरी गीत, सिजेरियन डिलीवरी के दौरान हेमलता पटेल ने किया लोकगायन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बालोद। जिले के उम्मीद हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के दौरान प्रसिद्ध भरथरी गायिका हेमलता पटेल का गीत गाने का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। ऑपरेशन थिएटर में डिलीवरी के दौरान हेमलता पटेल ने भरथरी गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे वहां का माहौल कुछ अलग नजर आया।

बताया जा रहा है कि सिजेरियन डिलीवरी के दौरान हेमलता पटेल ने भरथरी गायन किया। इस दौरान ऑपरेशन थिएटर में मौजूद लोगों ने भी उनके गीतों को सुना। इस अनोखे पल का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

 

वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि तनावपूर्ण माहौल के बीच लोकगीतों ने वातावरण को सहज और सकारात्मक बनाने का काम किया। वहीं, ऑपरेशन थिएटर जैसी जगह पर इस तरह गीत-संगीत की प्रस्तुति को लेकर लोगों में जिज्ञासा भी बनी हुई है।

 

हेमलता पटेल छत्तीसगढ़ की चर्चित भरथरी गायिका हैं और अपनी लोकगायन शैली के लिए जानी जाती हैं। उनकी प्रस्तुति से जुड़ा यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।