नदी में बही महिला का चार दिन बाद मिला शव, बिलासपुर में बरामद

✍️ भागीरथी यादव

 

 

जांजगीर-चांपा/बिलासपुर। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरा से चार दिन पहले नीलागर नदी में बह गई महिला का शव बुधवार को बिलासपुर जिले में बरामद हुआ। महिला की पहचान ग्राम जेवरा निवासी रमा देवी चौहान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रमा देवी अपने मायके सुलौनी जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान ढाबाडीह एनीकट के पास नीलागर नदी पार करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे तेज बहाव में बह गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। नदी के आसपास लगातार खोजबीन के बावजूद महिला का कोई पता नहीं चल सका था।

बुधवार को बिलासपुर जिले के ग्राम सोन के पास नीलागर नदी के किनारे महिला का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शव बिलासपुर जिले के ग्राम सोन क्षेत्र में मिलने के कारण मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पचपेड़ी थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। चार दिन से लापता महिला का शव मिलने की खबर से परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।