✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर/सकरी। थाना सकरी क्षेत्र के ग्राम लाखासार में राह चलते युवक को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने वाले दो आरोपियों को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम लाखासार निवासी विनोद कुमार सूर्यवंशी (32 वर्ष) ने थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जून 2026 को वह मोटरसाइकिल से अपने गांव से बहतराई जा रहा था। इसी दौरान भगेला साहू के घर के पास मुख्य मार्ग पर लाखासार निवासी विमल यादव उर्फ बड़कू और रामेश्वर कोल उर्फ गुड्डू सहित एक अन्य युवक यशवंत ध्रुव ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। मना करने पर तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर सकरी थाना में अपराध क्रमांक 600/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 119(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विमल यादव उर्फ बड़कू (20 वर्ष) एवं रामेश्वर कोल उर्फ गुड्डू (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी यशवंत ध्रुव की तलाश जारी है।
सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शराब के लिए गुंडागर्दी करने वाले आरोपियों पर शिकंजा कस गया है।
