✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 24 जून। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। चार दिन पहले 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़े गए आरोपी से जुड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने सप्लाई चेन को वित्तीय सहायता और संसाधन उपलब्ध कराने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में की गई कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी अभिनय तिवारी उर्फ लवली (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी हेरोइन की खरीद के लिए रकम उपलब्ध कराता था तथा अपने निर्देश पर मादक पदार्थ मंगवाता था।
गौरतलब है कि 19 जून 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन, नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित लगभग 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार आरोपी अभिनय तिवारी उर्फ लवली ने ही मुकेश साहू को राजनांदगांव से हेरोइन लाने के लिए नगद राशि और मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई थी। मामले में उसकी सक्रिय भूमिका और वित्तीय सहयोग के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से प्रकरण में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार अभिनय तिवारी उर्फ लवली पूर्व में भी हेरोइन तस्करी से जुड़े मामले में गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस मामले में हेरोइन सप्लाई नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी हैप्पी सरदार की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी कठोर, निरंतर और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के नेटवर्क की कमर तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
