✍️ भागीरथी यादव
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत नियम विरुद्ध बकरी परिवहन और लापरवाही से बस चलाने पर भी सख्त कार्रवाई
कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान शराब पीकर यात्री बस चलाने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

थाना पसान क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक यात्री बस चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। जांच में यह भी सामने आया कि बस की डिक्की में नियमों के विरुद्ध बकरियों का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी।
वहीं, थाना दर्री क्षेत्र में एक यात्री बस चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए दो गुमटियों और एक कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं, यात्री वाहनों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस, डायल-112 या पुलिस हेल्पलाइन पर दें।
