कोरबा पंप हाउस कॉलोनी की गुंडागर्दी पर कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन, हत्या के प्रयास का केस दर्ज; देर रात तक चला फ्लैग मार्च और बाइक पेट्रोलिंग

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र की पंप हाउस कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में शनिवार देर रात जिले के संवेदनशील इलाकों में व्यापक बाइक पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना कोतवाली, सिविल लाइन और सीएसईबी पुलिस की संयुक्त टीम ने पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और डीडीएम रोड सहित कई क्षेत्रों में लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।

 

अभियान के दौरान देर रात बिना वजह घूम रहे युवकों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया तथा संदिग्ध पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अड्डेबाजी, हुड़दंग, असामाजिक गतिविधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

 

कोरबा पुलिस ने अभिभावकों से भी भावनात्मक अपील करते हुए कहा है कि वे अपने बच्चों को शिक्षा और अच्छे संस्कार दें तथा उन्हें अपराध और गुंडागर्दी से दूर रखें। पुलिस का स्पष्ट संदेश है—”बच्चों को पढ़ाओ-लिखाओ, गुंडा न बनाओ।”

 

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें, ताकि जनसहयोग से सुरक्षित, शांत और अपराधमुक्त कोरबा का निर्माण किया जा सके।