जिला बदर बदमाश फिर पहुंचा धमतरी, पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल; हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामलों का आरोपी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर बिना अनुमति जिले में प्रवेश करने वाले एक आदतन बदमाश को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

 

पुलिस के अनुसार, सागर ढीमर उर्फ विक्की गिडडी (23 वर्ष), निवासी नयापारा वार्ड, धमतरी, जिला दण्डाधिकारी के जिला बदर आदेश के बावजूद बिना अनुमति जिले की सीमा में प्रवेश कर आमातालाब रोड क्षेत्र में घूम रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी जिले में प्रवेश की कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 161/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 तथा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 15 के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, लूट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए ही जिला दण्डाधिकारी द्वारा उसे जिला बदर किया गया था।

पुलिस का सख्त संदेश

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले, आदतन अपराधियों और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।