धमतरी में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शांतिपूर्ण संपन्न, पुलिस की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था बनी मिसाल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की नजर, 3000 से अधिक श्रद्धालुओं के बीच बिना किसी अप्रिय घटना के निकली रथयात्रा

धमतरी। भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा शुक्रवार को धमतरी जिले में श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। हजारों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महापर्व को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए धमतरी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में पूरे रथयात्रा मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

 

रथयात्रा का मार्ग शहर की संकरी और भीड़भाड़ वाली गलियों से होकर गुजरने के कारण सुरक्षा व्यवस्था चुनौतीपूर्ण थी। इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस, महिला पुलिस बल और अन्य सुरक्षा कर्मियों ने सुनियोजित रणनीति के साथ भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला।

लगभग 3,000 से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद पूरे आयोजन के दौरान न तो चाकूबाजी, जेबतराशी, भगदड़ जैसी कोई घटना हुई और न ही कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। सुचारु यातायात व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय, प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सतत मुस्तैदी के चलते रथयात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सफल रही। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने पुलिस की अनुशासित व्यवस्था, सेवा भाव और सुरक्षा प्रबंधन की सराहना की।

वहीं कुरूद एवं नगरी अनुभागों में भी संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जहां स्थानीय पुलिस बल ने प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

रथयात्रा के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत, अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू सहित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

धमतरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी प्रत्येक धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजन को इसी प्रकार सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।