बिलासपुर में बादलों का प्रहार, जलभराव से लोगों की बढ़ी मुश्किलें

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने बिलासपुर शहर की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़कें पानी से लबालब भर गईं और कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए।

बारिश के चलते लोगों को कार्यालय, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए निकलने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई कॉलोनियों और बाजार क्षेत्रों में पानी भर जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं, लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली।

बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। थोड़ी देर की बारिश में ही कई सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे नगर निगम की तैयारियों पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। यदि इसी तरह बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।