✍️ भागीरथी यादव
तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और लगातार दबिश के बाद पुलिस ने दबोचे दोनों आरोपी, लूट के मामले में पहले ही एक आरोपी पर पेश हो चुका है चालान।

कोरबा। मानिकपुर सहायता केंद्र क्षेत्र में हुई बहुचर्चित लूट की वारदात में फरार चल रहे दो आरोपियों को आखिरकार कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार दोनों आरोपियों को थाना कोतवाली पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और लगातार दबिश के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को प्रार्थी दीपक ठाकुर ने मानिकपुर सहायता केंद्र में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ददरखुर्द क्षेत्र में देर रात करीब 2:30 बजे कुछ आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर करीब 20 से 22 ग्राम सोने की चेन, 70 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान सहित लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले में पहले ही एक आरोपी के खिलाफ चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सोमनाथ सेनगुप्ता उर्फ सोमू
सोमनाथ अग्रवाल उर्फ सोमू अग्रवाल
कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत फरार, आदतन और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाएंगे।
