✍️ भागीरथी यादव
कोरबा।
जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी पर बांस के डंडे से बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को भैंसमुड़ा कुदरीपारा से सूचना मिली कि एक महिला की उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि मृतका अग्घन बाई धनवार और उसका पति परदेशी राम धनवार (41 वर्ष) पिछले कुछ दिनों से ग्राम भैंसमुड़ा में रह रहे थे। आरोपी शराब का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ विवाद व मारपीट करता था।
शराब के नशे में बना हैवान
पुलिस जांच में सामने आया कि 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी से विवाद किया और घर में रखे बांस के डंडे से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
उरगा पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने आरोपी परदेशी राम धनवार, निवासी मड़वारानी (वर्तमान निवासी ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा, थाना उरगा, जिला कोरबा) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
प्रकरण विवरण:
थाना: उरगा, जिला कोरबा
अपराध क्रमांक: 428/2026
धारा: 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)
आरोपी: परदेशी राम धनवार (41 वर्ष)
कोरबा पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू हिंसा, मारपीट या किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर गंभीर अपराधों को रोका जा सके।
