वार्ड 13 में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग, पार्षद अश्वनी मिश्रा ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने की पहल, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी मिश्रा ने वार्ड के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर जनहित में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।

ज्ञापन में पार्षद मिश्रा ने बताया कि वार्ड क्रमांक 13 के अंतर्गत कटाईनार-01, चटाईनार, कटाईनार बस्ती और गजरा क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में चोरी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए आधुनिक निगरानी व्यवस्था की जरूरत पहले से अधिक बढ़ गई है। यदि सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं तो अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ किसी भी घटना की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हो सकेंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।

पार्षद अश्वनी मिश्रा ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वार्ड के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर पालिका इस मांग पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।