✍️ भागीरथी यादव
शुक्लाखार में हादसे के बाद आक्रोश, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा। बाँकीमोंग
रा से सुतर्रा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर शुक्लाखार के पास सोमवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को 112 की मदद से कटघोरा चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिसके चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके यातायात व्यवस्था और वाहन चालकों की मनमानी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक और घायल की विस्तृत पहचान सामने नहीं आ सकी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना में शामिल ट्रेलर तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
