गुरु रविदास के समरसता संदेश के साथ भाजपा ने भरी हुंकार, कोरबा से ‘समरसता संकल्प अभियान’ का आगाज, तिरंगा यात्रा की रणनीति भी तय

✍️ भागीरथी यादव

 

 

650वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यशाला में सामाजिक समरसता, राष्ट्र प्रथम और संगठन विस्तार का लिया संकल्प

कोरबा, 25 जुलाई। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, टी.पी. नगर कोरबा में शनिवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “समरसता संकल्प अभियान” की औपचारिक शुरुआत करते हुए कार्यकर्ताओं को संत गुरु रविदास के समरसता, समानता और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही आगामी तिरंगा यात्रा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठनात्मक रणनीति भी तैयार की गई।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। वक्ताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास के विचार आज भी समाज को एकता, सामाजिक सद्भाव और समानता का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे इन मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर समरस समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

बैठक के दौरान आगामी तिरंगा यात्रा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। यात्रा को अधिक प्रभावी और जनभागीदारी वाला बनाने के लिए मंडलवार जिम्मेदारियां तय की गईं। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रभक्ति अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग, संजय शर्मा, मंजू सिंह, रेणुका राठिया, रुक्मणी नायर, डॉ. विजय राठौर, नवीन मार्कंडेय, राजेश लहरे सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने सामाजिक समरसता, राष्ट्र प्रथम की भावना तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि समरसता संकल्प अभियान और तिरंगा यात्रा के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और संगठनात्मक मजबूती का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचेगा।