✍️ भागीरथी यादव
ठेका निरस्त होने के बाद री-टेंडर की तैयारी, ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत कर आवागमन बहाल करने की उठाई मांग
कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा के ग्राम पंचायत कटबितला अंतर्गत बरीडीह से कटबितला को जोड़ने वाली सड़क पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से अधूरी पड़ी हुई है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद मार्ग को खोदकर बोल्डर बिछा दिए गए, लेकिन इसके बाद काम बंद कर दिया गया। बरसात के मौसम में यही अधूरा निर्माण ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। कीचड़, गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोज जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद ग्राम पंचायत कटबितला की सरपंच श्रीमती अचला कंवर ने कलेक्टर तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर सड़क निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क उखाड़ने के बाद उसे अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ठेकेदार ने टेंडर समाप्त होने का हवाला देकर कार्य आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के कार्यपालन अभियंता ने अपने जवाब में स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण का कार्य डी.सी. कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया था। निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं होने पर दिसंबर 2025 में ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर दिया गया। अब शेष निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए पुनः निविदा (री-टेंडर) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। नई एजेंसी के चयन के बाद ही सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
हालांकि विभाग ने अनुबंध निरस्त होने की जानकारी दे दी है, लेकिन इससे ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नई निविदा पूरी होने में अभी समय लग सकता है, ऐसे में प्रशासन को तत्काल अस्थायी मरम्मत कर सड़क को आवागमन योग्य बनाना चाहिए।
ग्रामीणों के अनुसार खराब सड़क के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवागमन करने तथा स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो यह सड़क किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह री-टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने से पहले लोगों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाता है।
