✍️ भागीरथी यादव
रायपुर, कोरबा,
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय द्वारा 28 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित होने वाले “छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026” में छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय की संचालक आईएएस तनुजा सलाम द्वारा भेजे गए आधिकारिक आमंत्रण पत्र में अनिल द्विवेदी को राज्य के खेल विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान एवं ताइक्वांडो के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर अनिल द्विवेदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव राज्य के खेलों के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने बताया कि वे इस कॉन्क्लेव में भाग लेकर ताइक्वांडो सहित अन्य खेलों के विकास, खिलाड़ियों के हितों, खेल अधोसंरचना तथा खेल प्रशासन से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव साझा करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार, खेल संघों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन से नई खेल नीतियों एवं नवाचारों को बढ़ावा मिलेगा, जिसका लाभ प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026 में देशभर के प्रख्यात खिलाड़ी, खेल प्रशासक, नीति निर्माता, खेल वैज्ञानिक, प्रशिक्षक एवं विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि भाग लेंगे और खेलों के समग्र विकास पर व्यापक मंथन करेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी की सहभागिता ताइक्वांडो खेल के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
