✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के इमरजेंसी (कैजुअल्टी) वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। आग लगते ही इमरजेंसी वार्ड और उसके आसपास के हिस्से में धुआं भर गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
एहतियात के तौर पर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने राहत कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में तकनीकी खराबी या उसके फटने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
गनीमत रही कि समय पर आग पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
