✍️ भागीरथी यादव
सरस्वती शिशु मंदिर नगरी में जागरूकता कार्यक्रम, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों की दी विस्तृत जानकारी
धमतरी, 28 जुलाई। जिले में युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में नगरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति, यातायात नियमों तथा नवीन आपराधिक कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एसडीओपी नगरी श्री विपिन रंगारी एवं थाना प्रभारी श्री टापेश्वर मरकाम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना आवश्यक है। विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं और साइबर ब्लैकमेल से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर अपराध होने पर राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और समाज पर गंभीर असर डालता है। विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करना, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाना तथा शराब पीकर वाहन चलाने से बचने की सीख दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
इसके अलावा विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) जैसे नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं से भी अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा कानून का सम्मान करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रफुल्ल चंद साहू, व्यवस्थापक श्री जीवन नाहटा, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
