✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 28 जुलाई। सावन माह में कनकी धाम पहुंचने वाले हजारों शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए उरगा थाना पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सर्वमंगला मंदिर से कनकी धाम तक पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ पुलिस मित्रों की भी तैनाती की गई है। पुलिस मित्र यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएंगे, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि कोई व्यक्ति अभद्र व्यवहार करता है, परेशान करता है या किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सहायता एवं शिकायत के लिए उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल से 9479194640 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, पिछले वर्ष सावन यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले 16 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। इस बार भी असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ यात्रा करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि सावन यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
