✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 13 जून 2026। धमतरी पुलिस ने गौवंश के अवैध वध एवं गौमांस बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने साल्हेवारपारा (गाड़ापारा) क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में गौमांस, मांस काटने के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति गौवंश के मांस को काटकर बिक्री के लिए तैयार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर संदेही फरार हो गया। तलाशी के दौरान विभिन्न प्लास्टिक बोरियों में रखा गया विवादित मांस, गौवंश का पैर तथा मांस काटने में प्रयुक्त धारदार लोहे के उपकरण बरामद किए गए।
विधिवत तौल कराने पर कुल 88.340 किलोग्राम गौमांस जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार लोहे के सत्तू, लकड़ी का गुटका, प्लास्टिक त्रिपाल और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लगातार खोजबीन कर आरोपी संतराम बघेल (43 वर्ष), निवासी साल्हेवारपारा, धमतरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अपराध से संबंधित 300 रुपये की बिक्री राशि भी जब्त की है।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 एवं 325 तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5 और 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
