कटघोरा अंबिकापुर एन एच 130 चोटिया, चौक मार्ग पर भारी वाहनों का कब्जा, यातायात व्यवस्था चरमराई
सुशील जायसवाल
कोरबा/चोटिया, 13 जून। अंबिकापुर कटघोरा एन एच 130 के अंतर्गत आने वाले ग्राम चोटिया ,चौक के चिरमिरी मार्ग पर इन दिनों अव्यवस्थित और अवैध पार्किंग गंभीर समस्या का रूप ले चुकी है। सड़क किनारे भारी ट्रेलरों और मालवाहक वाहनों की लंबी कतारों ने न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा खड़ा कर दिया है।
चिरमिरी , रानी अटारी,विजय वेस्ट, एवं परसा कोल माइंस क्षेत्र से आने वाले भारी ट्रेलर, और डंफर भी बड़ी संख्या में हाईवे मार्ग का उपयोग करते हैं!
लेकिन सड़क किनारे टोल प्लाजा के आसपास बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे वाहनों के कारण सड़क की चौड़ाई सिमटती जा रही है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है।
*सड़क का बड़ा हिस्सा बना* *पार्किंग स्थल*
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस कटघोरा अंबिकापुर हाईवे मार्ग टोल प्लाजा के पास कई किलोमीटर तक भारी वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। कई ट्रेलर चालक सड़क किनारे निर्धारित स्थान के अभाव या सुविधा के चलते मुख्य मार्ग पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और अन्य छोटे-बड़े वाहनों के लिए निकलना मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर सबसे अधिक परेशानी झेल रहे हैं।
कई स्थानों पर वाहनों के अचानक सामने आने से दुर्घटना की स्थिति बन जाती है। रात के समय बिना पर्याप्त संकेतक और रिफ्लेक्टर के खड़े वाहनों के कारण हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में भी इस मार्ग पर कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।
*एम्बुलेंस और यात्री वाहन भी* *हो रहे प्रभावित*
जाम की स्थिति का सबसे ज्यादा असर आपातकालीन सेवाओं पर पड़ रहा है। कई बार मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंस को भी जाम में फंसना पड़ता है। यात्री बसें और विद्यार्थियों को लेकर आने-जाने वाले वाहन भी समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे आमजन में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि किसी गंभीर मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की आवश्यकता हो तो जाम के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है। यही वजह है कि लोग इस समस्या को जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय मान रहे हैं।
*प्रशासन और यातायात विभाग* *से कार्रवाई की मांग*
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और यातायात शाखा से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाए तथा उनके लिए अलग पार्किंग स्थल विकसित किया जाए!
नागरिकों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप धारण कर सकती है। बढ़ते औद्योगिक यातायात और लगातार बढ़ रहे भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रशासन को दीर्घकालिक योजना बनाकर समाधान निकालना होगा।
जनहित में त्वरित समाधान की आवश्यकता
अंबिकापुर कटघोरा हाईवे मार्ग एवं चोटिया चिरमिरी राज्य मार्ग केवल औद्योगिक परिवहन का रास्ता नहीं बल्कि हजारों लोगों की दैनिक जीवनरेखा है। ऐसे में अवैध पार्किंग और यातायात अव्यवस्था को नजरअंदाज करना भविष्य में किसी बड़े हादसे को निमंत्रण देने जैसा होगा। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित निरीक्षण, पार्किंग प्रबंधन और सख्त कार्रवाई के माध्यम से इस समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
