✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। सकरी थाना पुलिस ने तत्परता और सजगता का परिचय देते हुए चोरी की वारदात का खुलासा महज कुछ घंटों में कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार साई नगर उसलापुर निवासी नीता बघेल (40 वर्ष), जो कृष्णा अस्पताल में सफाई कर्मचारी हैं, ने 13 जून की सुबह थाना सकरी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 12 जून की रात ड्यूटी पर जाने से पहले घर में ताला लगाकर गई थीं। सुबह लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर व करीब एक हजार रुपये नकद गायब थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी ने तत्काल विशेष टीम गठित की। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस डॉग को घटनास्थल से मिले सुरागों की गंध सूंघाई गई। डॉग सीधे साई नगर उसलापुर स्थित संदेहियों के घर तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने विकास चतुर्वेदी (24 वर्ष) और अमन टंडन (20 वर्ष) से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए एक जोड़ी चांदी की पायल, दो नग चांदी के कमरबंद, एक जोड़ी सोने के कान के आभूषण तथा एक सोने की फुल्ली सहित करीब 60 हजार रुपये मूल्य के जेवर बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी
विकास चतुर्वेदी (24 वर्ष), निवासी ग्राम धरमपुरा, जिला मुंगेली, हाल मुकाम साई नगर उसलापुर, बिलासपुर।
अमन टंडन (20 वर्ष), निवासी बैगाकापा, जिला मुंगेली, हाल मुकाम साई नगर उसलापुर, बिलासपुर।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। चोरी का मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद कर सकरी पुलिस ने अपनी दक्षता का परिचय दिया है। डॉग स्क्वॉड, एफएसएल टीम और पुलिस डॉग मास्टर राम मिलन सिंह की भूमिका इस सफलता में विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
