अपराध छोड़ मुख्यधारा में लौटे निगरानी बदमाश को धमतरी पुलिस ने दी नई पहचान

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी, 14 जून 2026। धमतरी पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई के साथ-साथ सुधार की राह चुनने वालों को भी प्रोत्साहित कर रही है। इसी कड़ी में वर्ष 2014 से अपराध मुक्त जीवन जी रहे एक निगरानी बदमाश को पुलिस अधीक्षक धमतरी की अनुमति से “माफी बदमाश” श्रेणी में शामिल किया गया है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी ने जिले के सभी निगरानी एवं गुंडा बदमाशों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जो व्यक्ति अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं और पिछले पांच वर्षों से किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं रहे हैं, उन्हें “माफी बदमाश” श्रेणी में शामिल किए जाने पर विचार किया जा सकता है।

इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली धमतरी के निगरानी बदमाश अंकित कौशिक (39 वर्ष), निवासी महिमा सागर वार्ड धमतरी के मामले की समीक्षा की गई। जांच में पाया गया कि वर्ष 2014 से अब तक अंकित कौशिक किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त नहीं रहे हैं तथा सामान्य सामाजिक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

थाना प्रभारी सिटी कोतवाली के प्रतिवेदन और नगर पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा के आधार पर पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार ने उन्हें “माफी बदमाश ‘अ’ वर्ग” में शामिल किए जाने की अनुमति प्रदान की।

धमतरी पुलिस का कहना है कि कानून का उद्देश्य केवल अपराधियों को दंडित करना नहीं, बल्कि उनमें सुधार की भावना विकसित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। पुलिस का यह कदम उन लोगों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है जो अपराध छोड़कर सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं।