✍️ भागीरथी यादव
कोरबा दर्री। सावन माह के पहले सोमवार के अवसर पर दर्री क्षेत्र के एनटीपीसी शिव मंदिर एवं साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही शिवभक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भांग एवं पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बड़ी श्रद्धा के साथ पूजा में भाग लिया।
एनटीपीसी शिव मंदिर और साडा कॉलोनी शिव मंदिर में विशेष पूजा, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं महाआरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समितियों द्वारा पेयजल, कतार व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
सावन के पहले सोमवार पर पूरे दर्री क्षेत्र में शिवभक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
