तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से शिक्षक की मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कटघोरा। जिले के कटघोरा क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मृतक शिक्षक अपनी पत्नी को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहे थे, तभी सड़क पार करते समय तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अजय थवाइत के रूप में हुई है, जो शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी भी शिक्षिका हैं। बताया जा रहा है कि अजय थवाइत रोज की तरह बुधवार सुबह अपनी पत्नी को एक्टिवा से स्कूल छोड़ने गए थे। पत्नी को स्कूल गेट पर छोड़ने के बाद वह पैदल सड़क पार कर अपने वाहन की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय थवाइत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी घटनास्थल पर पहुंचीं और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना में बाइक चालक भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बाइक के पीछे बैठा युवक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले बाइक चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद शिक्षक के परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।