✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल इलाकों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच विधायक फूल सिंह राठिया ने प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों का हालचाल जाना। उन्होंने लेमरू, नकिया, रपता, खम्हूंन और खराखेत गांव पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को प्रभावी उपचार और बचाव के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान विधायक राठिया ने दुर्गम रास्तों और पगडंडियों से होकर करीब 10 किलोमीटर पैदल यात्रा की। खम्हूंन और खराखेत जैसे गांवों तक पहुंचने के लिए उन्हें कई नालों को पार करना पड़ा। इसके बावजूद वे ग्रामीणों के बीच पहुंचे और मलेरिया से पीड़ित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, प्रत्येक गांव में स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, फॉगिंग तथा मलेरिया से बचाव संबंधी जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने विधायक के इस दौरे की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में पैदल पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिचायक है।
दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, जिला महामंत्री प्रवीण ओगरे, जिला महामंत्री भूकेश्वर सिंह पैकरा, विधायक प्रतिनिधि बुधवान सिंह तंवर, मंडल अध्यक्ष मोहर साय यादव, मंडल अध्यक्ष दीनानाथ राठिया, बिसाहू पटेल, आत्माराम मन्नेवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
