बारिश प्रभावित गांवों में पहुंचे कलेक्टर, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का लिया जायजा

✍️ सुशील जयसवाल 

 

 

तीन दिन में वैकल्पिक मार्ग बनाने के निर्देश, स्थायी निर्माण का दिया आश्वासन

कोरबी चोटिया/पोड़ी उपरोड़ा।

कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के बारिश प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने तानाखार, पोड़ी उपरोड़ा, गुरसियां, कोरबी, पनगवां, सुखरीताल, हरदेवा तथा पसान क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत एवं मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत तानाखार से हुई। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत पनगवां मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद वे उबड़-खाबड़ सरमा मार्ग से होते हुए सुखरीताल और हरदेवा पहुंचे। यहां पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आवागमन पूरी तरह बाधित था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए कलेक्टर स्वयं पैदल नाला पार कर मौके तक पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीन दिनों के भीतर डायवर्जन अथवा अस्थायी मार्ग बनाकर आवागमन बहाल किया जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों के स्थायी निर्माण की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। हरदेवा के सरपंच प्रतिनिधि शत्रुघ्न पठारी ने गांव में नए आंगनबाड़ी केंद्र की मांग रखी, जबकि पूर्व सरपंच सुखराज सिंह मरावी ने पुलिया निर्माण जल्द पूरा कराने का आग्रह किया। कलेक्टर ने सभी मांगों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

हरदेवा के बाद कलेक्टर सरमा-कर्रा बाहरा के जर्जर पुल क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए पसान क्षेत्र के विकास कार्यों का जायजा लेने रवाना हुए। इस दौरान एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार श्याम, खगेश निर्मलकर पोड़ी उपरोड़ा सी ई ओ एसईसीएल रानी अटारी सिंदुरगढ़ परियोजना के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कलेक्टर के इस दौरे से क्षेत्र के ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत जल्द होगी तथा बारिश के कारण बाधित आवागमन शीघ्र सामान्य हो सकेगा।