संकुल स्तरीय बैठक में शैक्षणिक प्रगति व स्वतंत्रता दिवस तैयारियों की हुई समीक्षा

सुशील जयसवाल

 

सिमगा/पोड़ी उपरोड़ा, 5 अगस्त। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में बुधवार को संकुल केंद्र सिमगा एवं गडरा अंतर्गत संकुल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, मासिक मूल्यांकन, आगामी त्रैमासिक परीक्षा की तैयारी तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने की। उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों, व्याख्याताओं, प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान देने तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मासिक मूल्यांकन, शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, वीएसके ऐप, मध्यान्ह भोजन एवं नाश्ता व्यवस्था, गैस से भोजन निर्माण, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, छात्रवृत्ति, सरस्वती साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना, एमबीयू, आधार बायोमैट्रिक अपडेट, अपार आईडी, किशोरी बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति अभियान, माय भारत युवा कार्यक्रम में विद्यार्थियों के पंजीयन, तंबाकू मुक्त विद्यालय, स्वच्छता एवं सड़क सुरक्षा अभियान सहित वीर जवानों को रक्षा सूत्र भेजने जैसे विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

इसके साथ ही पालकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित संकुल स्तरीय पालक-शिक्षक बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं विद्यालय-पालक समन्वय को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।

बैठक में क्षेत्र के सरपंच, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारी, पालकगण, संकुल समन्वयक, व्याख्याता, प्रधान पाठक तथा प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।