✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। शहर के प्रमुख सीएसईबी चौक के पास इन दिनों सेट निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। व्यस्त समय में यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीएसईबी चौक शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क किनारे निर्माण कार्य होने से मार्ग संकरा हो गया है। इसके चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो रही है और कई बार लंबी गाड़ियों की कतार लग रही है।

जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस मौके पर व्यवस्था संभालने और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने में जुटी हुई है। यातायात पुलिस के जवान लगातार ट्रैफिक क्लियर कराने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि आवागमन सामान्य बना रहे।
निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण फिलहाल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।
