✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार सुबह एक बार फिर कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। छात्र-छात्राएं सुबह करीब 6 बजे से सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है।
छात्रों का कहना है कि विद्यालय की व्यवस्थाओं और वार्डन व प्राचार्य से जुड़ी शिकायतों को लेकर वे पहले भी आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों के अनुसार, पूर्व में किए गए आंदोलन के बाद प्राचार्य को लंबी छुट्टी पर भेजा गया था, बावजूद इसके विद्यालय की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
तीसरी बार सड़क पर उतरे छात्र
छात्रों का कहना है कि यह तीसरी बार है जब उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरना पड़ा है। आरोप है कि पूर्व में आंदोलन करने के बाद कुछ छात्रों को धमकाने तथा दबाव बनाने का प्रयास भी किया गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस बार छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और पेयजल की समस्या को लेकर नाराजगी जताई है। छात्रों का आरोप है कि भोजन में कीड़े मिलने जैसी शिकायतें सामने आई हैं तथा पीने के पानी को लेकर भी परेशानी बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर, बातचीत जारी
छात्रों के चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर कलेक्टर, एडिशनल एसपी, एसडीएम, तहसीलदार सहित पुलिस बल की मौजूदगी में छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
छात्रों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वे कलेक्टर के मौके पर पहुंचने के बाद ही चक्का जाम समाप्त करेंगे। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी छात्रों की समस्याएं सुन रहे हैं और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
छात्रों के आंदोलन को देखते हुए मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। प्रशासन की ओर से छात्रों की मांगों और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
