कांग्रेस नेता पर हमले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तारबाहर पुलिस और एसीसीयू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश के मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नवीन पटेल ने श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है।

घटना 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे की है। श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान तारबाहर थाना क्षेत्र के रेलवे अस्पताल के पास तीन नकाबपोश आरोपियों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे तथा नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। हमले में श्याम कश्यप घायल हो गए थे।

घटना के बाद तारबाहर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हमले से जुड़े आरोपियों तक पहुंची। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में हत्या की साजिश से जुड़े अहम तथ्य सामने आए। पुलिस के मुताबिक, दीपक तिवारी ने श्याम कश्यप की हत्या के लिए आरोपियों को पैसे देने का लालच दिया था।

जांच आगे बढ़ने पर नवीन पटेल की भूमिका सामने आई। पुलिस का कहना है कि नवीन पटेल ने ही हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 के तहत कार्रवाई की है। मामले में नितिन टेकाम और एक नाबालिग की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। नवीन पटेल से पूछताछ में हत्या की साजिश, पैसों के लेन-देन और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर और खुलासे होने की संभावना है।