✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। सिटी कोतवाली पुलिस ने जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम अधारी नवागांव में जुआ फड़ पर दबिश देकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 हजार 500 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा समेत अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अधारी नवागांव क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से संतोष साहू (32), अरमान मिर्जा (29), अनीश अहमद (43) और खेमचंद साहू (42), सभी निवासी अधारी नवागांव, को पकड़ा। आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 200/26 के तहत धारा 3(2) जुआ एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। पुलिस ने आमजन से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
