✍️ भागीरथी यादव
बैंकिंग संस्थानों में दी गई ठगी से बचने की जानकारी
कोरबा। जिले में साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान लगातार जारी है। अभियान के दूसरे सप्ताह में मंगलवार को जिले के विभिन्न बैंकिंग संस्थानों, स्कूलों, औद्योगिक एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने नागरिकों को साइबर ठगी, UPI फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए।
इस दौरान नागरिकों को OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साथ ही संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल, APK फाइल और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की अपील की गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने में मदद मिल सकती है। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की है।
